सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

विपिन चौधरी की कविताएँ

 

विपिन चौधरी की कविताएँ

 

 

पृथ्वी का नमक

 

पृथ्वी की काया

किस चिंता में घुली जा रही है

 

क्या उसे अपनी

गहरी रपटीली काई पर विश्वास नहीं

 

आस्था नहीं सेमल के लाल फूलों पर

तेंदू और कमल के पत्तों की

शोखियों पर

 

कम से कम पृथ्वी को

अपने नमक पर तो भरोसा होना चाहिए

पछाड़ खाती  हुई

समुंद्र की लहरों की नज़रें बचा

तटों के किनारे.किनारे बिछ गया है जो

 

पृथ्वी के

आड़े वक़्त के लिए ही

***

पतझड़

 

मैं उस लौटते हुए पतझड़  को

आँख दर आँख देख रही हूँ

जो  मेरे भीतर की हर कोशिका

में उदासी भरकर  जा रहा है

और कह रहा है पीछे मुड़

देखते हुए मुझे,

मेरी याद अपने मन में बसाए रखना

मैं फिर लौटूंगा

तुम्हारे अवसाद को और गहरा करने

            ***

 

 

 तितली में उतरना

 

प्रकृति की खूबसूरती  के सामने

मैं अपनी अतीत की महिमा को नहीं देख पा रही हूँ

ना ही दिख रहा है मुझे

वर्तमान का चमत्कार

 

मेरी नज़र बाग़ में

इस फूल उस फूल उड़ती

तितली पर है

 

उसी रंग.बिरंगी तितली में उतर जाना चाहती हूँ

जिसमें एक रंग मेरा पसंद का है

और एक मेरे प्रिय का

          ***

 दुःख

लो अब फिर एक  नए तरह का दुःख मेरे सामने है

पुराने सभी दुखों से कहीं जुदा

एकदम नए नैन.नक्श का

 

सीपी के भीतर बैठा घोघा

बेचैन हो खींचता होगा

जब कभी

सीप की दीवार से अपनी देह

 

बस कुछ वैसा खिंचाव भरा अहसास

इस नए दुःख का

 

कितने ही महीन से महीन निशान

और स्थूल संकेत एक.एक कर मिटाने पड़े हैं इन दिनों मुझेण्

 

 

उधर उससे जुड़ी कोई चीज़ अचानक से दिखी

और इधर मैं पत्थर

 

 

कई प्रसंगों को करना पड़ा है हवा

स्मृतियों की लंबी डोरियां को काटकर

करनी पड़ी है उनकी उम्र काफी कम

 

कुछ ऐसा ही है यह नया दुःख

सारे दुखों से अलग

अलहदा

दुःख यह नया

कर दिया गया हो आत्मा का कोई सांस लेता हुआ

हिस्सा जैसे धड़ से  अलग

 

2.

 

कुछ दुःख इस घर ने नहीं कमाए थे

ले आयी थी कंधों पर बाकी सामान के साथ ढोकर इन्हें

पुराने घर से

नए किरायेदारों के बीच इन दुखों को रखना

नहीं लगा सही मुझे

 

आज काफी ध्यान लगा कर

देखा बारी.बारी से

अपने सभी नए.पुराने दुखों को

कुछ दुःख घनी पीड़ा दे कर

कर चुके थे खुद को खाली

 

वक़्त था  अब उन्हें बुहार देने का

 

पायदान के उस पार सरका उन सबको

दरवाज़े की कुंडी लगाते ही

आया ख्याल यह

 

मुझसे पहले रहती थी जो लड़की यहाँ

गज़ाला नाम की

क्या वह जाते.जाते ले गयी थी अपने सभी दुःखघ्

 

या बेकार के सामान के साथ उन्हें यहीं

इस घर के कोने में रख गयी थी

कहीं मैं उसके छोड़े हुए दुखों के

को तो नहीं ढोती रहती

दिन रात

मान कर उन्हें अपना ही दुःख

 

3.

वह अकेला नहीं आया था           

मेरे करीब

 

उसके साथ कई दुःख भी थे

शुरू में मुझे लगे थे जो

एकदम अजनबी

 

सदियों का परिचित जैसे

मिला हो अजनबी दुखों का लिहाफ ओढ़

 

अब नहीं

अब तो उसके वे सभी दुःख

मेरे साथ घुलमिल गए हैं कुछ ऐसे

जैसे कमाया हो उन्हें

मैंने ही

अपनी आज तक की उम्र में

 

प्रेम कई नए अनुभवों से जोड़ता है

और नई प्रजाति के दुखों से भी

***

सम्पर्क: विपिन चौधरी, हरियाणा,

ई-मेल-  vipin.choudhary7@gmail.com

पेन्टिंग: सन्दली वर्मा.

 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आलम ख़ुर्शीद की ग़ज़लें

आलम ख़ुर्शीद               ग़ज़लें                 1 याद करते हो मुझे सूरज निकल जाने के बाद चाँद ने ये मुझ से पूछा रात ढल जाने के बाद मैं ज़मीं पर हूँ तो फिर क्यूँ देखता हूँ आसमाँ ये ख़्याल आया मुझे अक्सर फिसल जाने के बाद दोस्तों के साथ चलने में भी ख़तरे हैं हज़ार भूल जाता हूं हमेशा मैं संभल जाने के बाद अब ज़रा सा फ़ासला रख कर जलाता हूँ चराग़ तज्रबा   हाथ आया हाथ जल जाने के बाद एक ही मंज़िल पे जाते हैं यहाँ रस्ते तमाम भेद यह मुझ पर खुला रस्ता बदल जाने के बाद वहशते दिल को बियाबाँ से तअल्लुक   है अजीब कोई घर लौटा नहीं , घर से निकल जाने के बाद              ***               2 हम पंछी हैं जी बहलाने आया करते हैं अक्सर मेरे ख़्वाब मुझे समझाया करते हैं तुम क्यूँ उनकी याद में बैठे रोते रहते हो आने-जाने वाले , आते-जाते रहते है...

दिवाकर कुमार दिवाकर की कविताएँ

  दिवाकर कुमार दिवाकर सभी ज्वालामुखी फूटते नहीं हैं अपनी बड़ी वाली अंगुली से इशारा करते हुए एक बच्चे ने कहा- ( जो शायद अब गाइड बन गया था)   बाबूजी , वो पहाड़ देख रहे हैं न पहाड़ , वो पहाड़ नही है बस पहाड़ सा लगता है वो ज्वालामुखी है , ज्वालामुखी ज्वालामुखी तो समझते हैं न आप ? ज्वालामुखी , कि जिसके अंदर   बहुत गर्मी होती है एकदम मम्मी के चूल्हे की तरह   और इसके अंदर कुछ होता है लाल-लाल पिघलता हुआ कुछ पता है , ज्वालामुखी फूटता है तो क्या होता है ? राख! सब कुछ खत्म बच्चे ने फिर अंगुली से   इशारा करते हुए कहा- ' लेकिन वो वाला ज्वालामुखी नहीं फूटा उसमे अभी भी गर्माहट है और उसकी पिघलती हुई चीज़ ठंडी हो रही है , धीरे-धीरे '   अब बच्चे ने पैसे के लिए   अपना हाथ बढ़ाते हुए कहा- ' सभी नहीं फूटते हैं न कोई-कोई ज्वालामुखी ठंडा हो जाता है अंदर ही अंदर , धीरे-धीरे '   मैंने पैसे निकालने के लिए   अपनी अंगुलियाँ शर्ट की पॉकेट में डाला ' पॉकेट ' जो दिल के एकदम करीब थी मुझे एहसास हुआ कि- ...

मैं और गद्य लेखन

आज से सोचा वो करूँ जो पिछले कई दशकों से सोचता आया कि करूँ लेकिन कर नहीं पाया. यानी कि कुछ गद्य लेखन यानी कहानी और उपन्यास को अपने अंजाम तक पहुँचाना. बक़ौल साहिर लुधियानवी अंजाम तक पहुँचा नहीं पानेवाले उन अफ़सानों को ‘ख़ूबसूरत मोड़’ देकर भी छोड़ नहीं पाया या शरतचन्द्र के पिता मोतीलाल की तरह कोई भी रचनात्मक कार्य शुरू करने के बाद बीच में ही छोड़ दिया. हालाँकि मैं उन नाविकों की क़द्र करता हूँ जो बीच दरिया में ही कश्ती डुबोने की जुर्रत करते आए हैं. फिर भी शर्मन-लिहाजन लगता है जीवन भर की इसकाहिली के इतिहास पर एकाध नॉवेल और कहानी-संग्रह पूराकर एक सवालिया निशान छोड़ जाऊँ. अब अपने पक्ष में कोई तर्क पेश करना या कई तरह के बहाने पेश करना भी थोड़ा ठीक नहीं लगता. वैसे चाहूँ तो बहुत सारी शहादतें पेश कर सकता हूँ अपनी बेगुनाही को साबित करने के लिए जैसे कि वक़्त की कमी, ज़िन्दगी भर अपना और अपनों का पेट पालने के लिए किसी न किसी काम में लगा रहना जिसका अदब और सकाफ़त से कोसों दूर का वास्ता नहीं था, फिर जिस्मानी तौर पर थक जाना या माहौल, प्रोज राइटिंग के लिए सही माहौल नहीं मिल पाना, कई वजूहात हैं जो अदब और साहित्य को ...